केदारनाथ मंदिर तक जाने वाले रास्ते से बर्फ हटाई जा रही

केदारनाथ दर्शन की इच्छा रखने वालों के लिए खुशखबरी है। देशभर में चल रहे लॉकडाउन के बीच मंदिर तक पहुंचाने वाले रास्ते को साफ करने का काम लगातार जारी है। इस काम में भी सोशल डिस्टेंसिंग को फॉलो करते हुए एक-दूसरे से दूरी बनाकर रास्ता साफ किया जा रहा है। भीम बली से केदारनाथ मंदिर तक का रास्ता कुल 9 किमी का है। यह रास्ता पूरी तरह बर्फ से ढंक हुआ है। अब 95 लोगों की टीम इस बर्फ को धीरे-धीरे हटाने का काम कर रही है। हालांकि, एक दिन में 300 मीटर रास्ता ही साफ हो पा रहा है। 1 मार्च से रास्ते की सफाई का काम शुरू हुआ था। इसे 20 अप्रैल तक पूरा किया जाना है। केदारनाथ धाम के कपाट 29 अप्रैल को खुल सकते हैं।


7 फीट गहराई तक बर्फ, ग्लेशियर पिघल रहे - बर्फ हटाने के काम में लगी वुडस्टोन कंस्ट्रक्शन कंपनी के मैनेजर मनोज सेमवाल ने भास्कर से बातचीत में बताया कि इस बार मौसम बहुत ज्यादा खराब था, इसलिए जमकर बर्फबारी हुई। बर्फ इतनी गिरी कि हम लोगों को पहाड़ी से नीचे आना पड़ा था। जिस रास्ते को साफ किया जा रहा है, उसमें 3 फीट गहराई तक बर्फ जमा है। मंदिर के नजदीक 7 फीट गहराई तक बर्फ जमी है। किसी भी तरह की मशीनें यहां आ नहीं सकतीं, इसलिए गेंती-फावड़े से ही धीरे-धीरे बर्फ  हटाई जा रही है। रास्ते में जगह-जगह स्थित ग्लेशियर बड़ी परेशानी पैदा कर रहे हैं। इसके चलते एक दिन में 300 मीटर का रास्ता ही साफ हो पा रहा है। केदारनाथ में इन दिनों रात का टेम्प्रेचर माइनस 3 डिग्री और दिन में 12 से 15 डिग्री है।